दूसरा युवक गंभीर घायल ड्राइवर को झपकी आने से नियंत्रण खोने की आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। शाहकोट-नकोदर मुख्य मार्ग पर गुरुवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक लवप्रीत की मौत हो गई, जबकि उसका साथी राजन गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक शाहकोट के रहने वाले थे और आई-20 कार में शाहकोट से नकोदर जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, रास्ते में कार चालक को अचानक नींद या झपकी आने से वाहन पर नियंत्रण खो गया और कार सड़क पर चल रही ट्रॉली के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। घायल राजन को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लवप्रीत के शव को कब्जे में लेकर नकोदर की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके बयान दर्ज करने और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।