अमृतसर। कमिश्नरेट पुलिस ने अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए इस गिरोह के एक गुर्गे को काबू कर उसके कब्जे से 13 कंट्रीमेड पिस्तौल, 24 मैगजीन, दो कारतूस और एक कार बरामद की है। तरनतारन के सदर थानाक्षेत्र के गांव भुल्लर निवासी अमृतपाल सिंह उर्फ कालू (28) को रविवार को छेहरटा थाना के गांव भैणी इलाके में उस समय एक पिस्तौल के साथ काबू किया गया, जब वह उसकी सप्लाई करने जा रहा था। यह जानकारी पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मंगलवार को प्रेस काॅन्फ्रेंस में दी।
सीपी भुल्लर ने बताया कि पुलिस की टीम ने 10 दिसंबर को छेहरटा थानाक्षेत्र के गांव भैणी के पास गश्त के दौरान दिल्ली के नंबर वाली एक कार में उक्त आरोपी को काबू कर उसके कब्जे से एक देसी पिस्तौल बरामद की। पुलिस ने आरोपी से दो मैगजीन भी बरामद किए। कालू के खिलाफ छेहरटा थाने में असलहा एक्ट में केस दर्ज करने के बाद अदालत में पेश कर दिया। पूछताछ दौरान खुलासा हुआ कि वह अमृतसर और तरनतारन समेत कई अन्य इलाकों में हथियारों की सप्लाई करता था।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि दो दिनों के पुलिस रिमांड हासिल करने के बाद इंटेरोगेशन करने के बाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने आरोपी के घर में बने पशुओं वाले कमरे में रखी तूड़ी के ढेर में प्लास्टिक के एक बैग में छिपा कर रखे गए पिट्ठू बैग में से 12 पिस्तौल और 22 मैगजीन बरामद कर लिए। इस तरह कमिश्नरेट पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 13 पिस्तौल, 24 मैगजीन तथा दो कारतूस बरामद किए। आरोपी की दिल्ली के नंबर वाली कार भी अपने कब्जे में ली।
मध्य प्रदेश से 35 हजार रुपये में लाता था, 50 हजार में बेचता था
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पूछताछ में आरोपी अमृतपाल सिंह उर्फ कालू ने खुलासा किया है कि वह मध्यप्रदेश के सेंधवा गांव से कंट्रीमेड पिस्तौल यहां लाता था। सेंधवा में वह 35 हजार रुपये का एक पिस्तौल लाकर पंजाब के विभिन्न इलाकों में आपराधिक प्रवृति के लोगों 50 हजार रुपये प्रति पिस्तौल बेचता था।