बीते दिनों फरीदकोट की एक समाजसेवी संस्था के साथ जुड़े जिस युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, रविवार देर रात मोगा निवासी उसकी मंगेतर के परिवार को क्वारंटीन कर दिया गया। सोमवार को दोनों की शादी होनी थी, लेकिन युवक के पॉजिटिव पाए जाने पर शादी टाल दी गई।
रविवार देर रात जिला सेहत विभाग की एक टीम पुलिस के साथ लड़की के घर पहुंची। रात को घर में ही पूरे परिवार के स्वास्थ्य की जांच की गई और उसके बाद पूरे परिवार को 14 दिन के लिए घर में ही क्वारंटीन कर दिया गया। उनके घर के बाहर नोटिस भी चिपका दिया गया कि कोई भी व्यक्ति इस घर में दाखिल न हो और परिवार के संपर्क में न आए। सेहत विभाग की टीम ने युवती की मंगनी करवाने वाले उसकी बुआ के बेटे के परिवार को भी मोगा में ही उनके घर में क्वारंटीन कर दिया।
सेहत विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. नरेश ने बताया कि मोगा में क्वारंटीन किए गए दोनों परिवारों को फरीदकोट में पीड़ित युवक व उसके परिवार से मिले 14 दिन से ज्यादा का समय हो चुका था, जिसके चलते फिलहाल दोनों परिवारों के किसी भी सदस्य में कोरोना के लक्षण नहीं हैं, बावजूद इसके सुरक्षा के लिए दोनों परिवारों को उनके घरों में क्वारंटीन कर दिया गया है। लड़की के परिवार ने सेहत विभाग की टीम का पूरा साथ दिया, हालांकि दबी आवाज में सब कहते रहे कि होने वाले दामाद के कारण उनको यह सब देखना पड़ रहा है।
तीन दिन पहले फरीदकोट की मिस्त्रीयां वाली गली निवासी एक युवक का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया था। उसे सेहत विभाग की ओर से आईसोलेट कर दिया गया था। फरीदकोट में यह युवक कोरोना का तीसरा पॉजिटिव था। सेहत विभाग की जांच के बाद पता चला था कि युवक कर्फ्यू के दौरान स्लम एरिया में लोगों को राशन बांट रहा था। इसी बीच वह संक्रमित हो गया। पिछले माह ही युवक की मंगनी मोगा निवासी युवती के साथ हुई थी। 13 अप्रैल को शादी थी, लेकिन युवक के पॉजिटिव आने के बाद शादी टाल दी गई थी।