जालंधर। लाडोवाली रोड एक बर्फ कारखाने से गैस रिसाव होने से लोगों में दहशत फैल गई। गैस रिसाव होने से इलाका निवासियों को सांस लेने में दिक्कत आने लगी और आंखों में जलन पैदा हो गई। वहीं, कुछ लोगों की तबीयत काफी खराब हो गई। तत्काल मेडिकल टीम पहुंची और लोगों को प्राथमिक उपचार दिया गया।
इस घटना से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मामला पुलिस के पास भी पहुंचा तो मुलाजिम भी सहायता के लिए पहुंचे। कारखाने के मालिक को बुलाकर कारखाना बंद करवाया गया।
मोहल्ला निवासियों ने बताया कि कारखाने से आज पहली बार गैस लीक नहीं हुई है। इससे पहले भी गैस लीक होती रही है, लेकिन रात को इसका प्रभाव कुछ ज्यादा ही था। मोहल्ला निवासी मनेंद्र शिम्पू ने बताया कि पिछले कई सालों से दशमेश नगर में एक सूर्य कोल्ड स्टोर है। इस स्टोर से हर 10 दिन बाद गैस लीक होती रहती है। इससे इलाका निवासियों को काफी परेशानी होती है।