पठानकोट। लोगों के आधार कार्ड के आधार पर दोपहिया वाहनों के जाली बिल बनाकर कंपनी से ठगी करने के आरोप में थाना मामून पुलिस ने दो लोगों पर मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों ने अपनी एक फाइनेंस कंपनी बना रखी थी। आरोपियों की पहचान पठानकोट के छतवाल निवासी मोहिंदर सिंह और गांव बासा, जिला कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश निवासी विशाल कपूर के तौर पर हुई है।
अमृत मालवा केपिटल लिमिटेड जालंधर के एमडी अजीत पाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी उनसे मिले और कहा कि उनकी एक फाइनेंस एसेट कंपनी है। यह कंपनी आरबीआई के साथ रजिस्टर्ड है। उनकी कंपनी 30 साल से पंजाब में दोपहिया वाहनों के कारोबार से जुड़ी है और जालंधर में उनका रजिस्टर्ड दफ्तर है। उक्त लोगों ने उनकी कंपनी के साथ लोन पर गाड़ियां दिलवाने का काम शुरू किया और ग्राहकों के आधार कार्ड लेकर उनके नाम पर दोपहिया वाहन का जाली बिल बनाने लगे। वहीं, विशाल कपूर गलत ढंग से जाली फील्ड जांच करवाता था और लोन पास करवा लेता। कंपनी ने क्रॉस चेकिंग की तो सामने आया कि जिन लोगों के नाम पर लोन पास करवाए गए थे उनमें से अधिकतर लोगों ने वाहन नहीं खरीदे थे। इसके अलावा उक्त लोग ग्राहकों से किस्तें वसूल रहे थे जिसे कंपनी में जमा नहीं करवाया गया। मामले की जांच एसपी हेडक्वार्टर ने की। एसएचओ नवदीप शर्मा ने बताया कि उक्त दोनों आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापे मारे जा रहे हैं।