अमृतसर। थाना खलचियां पुलिस ने अवैध हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार पिस्टल, कारतूस और 40.63 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
यह कार्रवाई एसएसपी अमृतसर ग्रामीण के दिशा-निर्देशों पर डीएसपी सब-डिवीजन बाबा बकाला साहिब की निगरानी में की गई। एसएसपी ने बताया कि नाकाबंदी के दौरान एक कार को रोका गया जिसमें सवार नरेंद्र सिंह उर्फ निंदी, हरविंदर सिंह और जसकरण सिंह के पास से अलग-अलग पिस्टल, मैगजीन और कारतूस बरामद हुए। इस संबंध में थाना खलचियां में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान जसकरण सिंह की निशानदेही पर एक और पिस्टल और 40.63 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। जांच में पता चला कि आरोपियों को यह हेरोइन और हथियार सप्लाई आकाशदीप उर्फ आकाश और आशु नामक व्यक्तियों द्वारा की जा रही थी। पुलिस ने आकाशदीप को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आशु की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना है। संवाद