जलालाबाद (फिरोजपुर) के सिविल अस्पताल में उपचाराधीन घायल।
- फोटो : FIROZPUR
शुक्रवार सुबह तेज बरसात के साथ चली तेज आंधी ने क्षेत्र में भारी तबाही मचाई। आंधी के चलते आसपास कई राईस मिलों की इमारतें गिर गईं व कई के शेडों की चादरें उड़ने से मशीनरी व स्टोर चावल को भारी नुकसान हुआ। इसके अतिरिक्त कई स्थानों पर वृक्ष व खंभे भी गिरे जिस कारण लंबे समय तक बिजली सप्लाई भी प्रभावित रही। इसके अलावा अराइयां वाला रोड व बाबा राम देव मंदिर समीप चार मकानों को नुकसान पहुंचा और पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जिन्हें अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जख्मियों में जल्ला राम, शालू, नरवी देवी व दाखो बाई, अशन कुमार शामिल हैं। जिनमें जल्ला राम व शालू को गंभीर चोटें लगने कारण उन्हें फरीदकोट मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है। उधर, जलालाबाद में हुए नुकसान का तहसीलदार ने विभिन्न स्थानों पर जाकर निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब तीन बजे हल्की बारिश शुरू हो गई व इसके साथ तेज आंधी चलनी शुरू हो गई। तेज आंधी के कारण काहने वाला रोड व एसएम इंडस्ट्रीज व एक गोदाम गिर गया। जिसमें करीब दो लाख खाली बारदाना था, जो बारिश की भेंट चढ़ गया। इसके अतिरिक्त इसी रोड पर चुघ इंडस्ट्रीज के दो गोदामों को नुकसान पहुंचा व शेडों के छतों की चादरें उड़ गईं जो आसपास घरों में जा गिरी। इसी तरह अराइयां वाला रोड पर केजी इंडस्ट्रीज की चार बिल्डिंग की दीवारें गिर पड़ीं व चार गोदामों की छतें भी उड़ गईं। चादरें काफी दूर जाकर गिरीं। यहां मशीनरी व चावल को भारी नुकसान हुआ है। इस रोड पर गोराया इंडस्ट्रीज के दो शेड की चादरें उड़ गईं। दीवार गिरने से एक वैगनार कार, कंबाइन व कैंटर प्रभावित हुआ है। उधर, संदीप राइस मिल का काफी नुकसान हुआ यहां एक शेड की दीवारें गिर गई व चादरें उड़ गईं। दूसरे शेड की चादरों का नुकसान हुआ है। इसी तरह मोहकम अराइयां रोड व केजीएम पाइप फैक्टरी को भी भारी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा केसी सोलवेंट का भी बड़ा नुकसान हुआ है, जिसमें उनके डीओसी, चावल व अन्य मैटीरियल भीगा है। फिरोजपुर रोड पर किसान सोलवेंट प्राइवेट लिमिटेड की छत उड़ गई, जिसमें नीचे पड़ी डीओसी को नुकसान पहुंचा है। इसी तरह अराइयां वाला रोड पर बाबा रामदेव मंदिर के नजदीक चार मकान गिरे हैं।
उधर, तहसीलदार डीपी पांडे ने इंडस्ट्रीज और गरीब लोगों के गिरे मकानों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया और तुरंत पटवारी को रिपोर्ट तैयार करने के आदेश जारी किए हैं, ताकि मुआवजे संबंधी सरकार को रिपोर्ट भेजी जा सके।
जलालाबाद (फिरोजपुर) के अराइयां वाला रोड पर गोराया इंडस्ट्रीज का हुआ नुकसान।- फोटो : FIROZPUR
जलालाबाद (फिरोजपुर) के काहनेवाला रोड पर एसएम इंडस्ट्रीज का टूटा गोदाम।- फोटो : FIROZPUR
जलालाबाद (फिरोजपुर) की स्लम बस्ती में गिरा घर।- फोटो : FIROZPUR