फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब की सियासत में विदेशियों का दखल: कनाडा से अमेरिका तक सक्रिय एनआरआई, 2027 के लिए दलों ने कसी कमर

Mon, 23 Nov 2026 09:49 AM IST
Nivedita सुरिंदर पाल, अमर उजाला, जालंधर

सार

पंजाब के राजनीतिक दल चुनाव से पहले विदेशों में सभाएं और बैठकें कर प्रवासी पंजाबियों का समर्थन जुटाते हैं। दोआबा क्षेत्र में एनआरआई परिवारों की संख्या अधिक होने के कारण राजनीतिक दलों का विशेष ध्यान इस क्षेत्र पर रहता है। यहां के हजारों परिवारों का कोई न कोई सदस्य विदेश में रहता है और अपने गांव की राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ा रहता है।
विज्ञापन
पंजाब की सियासत में एनआरआई का दखल - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब की विधानसभा चुनावों में विदेशों में बसे पंजाबियों की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण रही है। कनाडा के ब्रैम्पटन, टोरंटो और वैंकूवर से लेकर अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और यूरोप के शहरों तक चुनावी गतिविधियां चलती हैं। 

विज्ञापन


राजनीतिक दल चुनाव से पहले विदेशों में सभाएं और बैठकें कर प्रवासी पंजाबियों का समर्थन जुटाते हैं। कई एनआरआई छुट्टियां लेकर पंजाब पहुंचते हैं और अपने गांवों तथा विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करते हैं। सोशल मीडिया और ऑनलाइन बैठकों के जरिये भी विदेशों से चुनाव अभियान चलाए जाते हैं।

प्रवासी पंजाबियों में कुछ ऐसे भी हैं जिन्होंने विदेशों में अपना कारोबार और नौकरी छोड़कर पंजाब की राजनीति में कदम रखा। कई ने विदेशी नागरिकता त्यागकर भारतीय नागरिकता अपनाई और विधानसभा चुनाव लड़े। इनमें अवतार सिंह हेनरी, जसबीर सिंह जस्सी खंगूड़ा, कुलदीप सिंह धालीवाल और जसबीर सिंह राजा गिल जैसे नाम शामिल हैं। इनमें कुछ विधायक और मंत्री भी बने।
विज्ञापन


पंजाब की चुनावी राजनीति में 2017 का विधानसभा चुनाव एनआरआई भागीदारी के लिहाज से अहम रहा। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सफलता के बाद विदेशों में बसे पंजाबियों के एक वर्ग को पंजाब में भी राजनीतिक बदलाव की उम्मीद थी। नशे, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और बेअदबी की घटनाओं को लेकर प्रवासी पंजाबियों में नाराजगी थी।

आम आदमी पार्टी ने इस माहौल को देखते हुए ''चलो पंजाब'' अभियान शुरू किया। पार्टी के विदेशी संगठन ने कनाडा, अमेरिका, ब्रिटेन, न्यूजीलैंड, बेल्जियम, नॉर्वे, थाईलैंड, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी और इटली में बसे पंजाबियों से संपर्क किया। कनाडा के टोरंटो में रहने वाले सुरिंदर मावी और जोबन रंधावा अभियान के प्रमुख चेहरों में शामिल थे।

पार्टी ने दावा किया था कि करीब 35 हजार एनआरआई स्वयंसेवक अभियान से जुड़े हैं और 117 विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार कर रहे हैं। विदेशों से समर्थक छुट्टियां लेकर पंजाब पहुंचे और चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया। हालांकि, चुनाव में आम आदमी पार्टी को 20 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस ने 77 सीटें जीतकर सरकार बनाई।

कांग्रेस और अकाली दल ने भी विदेशों में जुटाया समर्थन
आम आदमी पार्टी के विदेशों में बढ़ते प्रभाव को देखते हुए कांग्रेस ने भी प्रवासी पंजाबियों से संपर्क बढ़ाया। तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 2016 में अमेरिका और कनाडा का दौरा किया। राणा गुरमीत सिंह सोढी, राणा गुरजीत सिंह और केवल सिंह ढिल्लों सहित पार्टी के नेताओं ने विदेशों में बसे पंजाबियों से संपर्क किया। 

कांग्रेस ने शिकागो, लॉस एंजिलिस, सैन फ्रांसिस्को, टोरंटो और वैंकूवर में संपर्क अभियान चलाने की योजना बनाई। जनवरी 2017 में ब्रिटेन और कनाडा से 400 से अधिक एनआरआई कार्यकर्ताओं को पंजाब बुलाने की तैयारी की गई थी। इनके लिए अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में बसों के माध्यम से प्रचार की व्यवस्था प्रस्तावित थी। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के ब्रिटेन अध्यक्ष दलजीत सिंह साहोता भी अभियान में सक्रिय थे।

शिरोमणि अकाली दल ने भी विदेशों में बसे अपने समर्थकों को सक्रिय करने के लिए अभियान चलाया। 2015 में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिका का दौरा किया। इसमें सोहन सिंह ठंडल, सुरजीत सिंह रखड़ा और बलविंदर सिंह भुंदड़ शामिल थे। 2017 के चुनाव से पहले अकाली दल ने भी विदेशों से समर्थकों को पंजाब बुलाने की कोशिश की।

2022 में ऑनलाइन प्रचार पर रहा जोर
2022 के विधानसभा चुनाव में 2017 की तुलना में कम एनआरआई पंजाब पहुंचे। कोरोना महामारी इसका प्रमुख कारण रही। इसके अलावा 2017 में आम आदमी पार्टी की हार के बाद विदेशों में बसे कुछ समर्थकों में निराशा भी थी। पार्टी के अंदरूनी विवादों और नेताओं के बीच मतभेदों को लेकर भी सवाल उठे। टोरंटो के सुरिंदर मावी ने भी 2022 में पहले जैसा प्रचार अभियान नहीं चलाया।

इस चुनाव में विदेशों से सोशल मीडिया, ऑनलाइन बैठकों, वीडियो संदेशों और व्यक्तिगत संपर्क के जरिये प्रचार किया गया। आम आदमी पार्टी ने चुनाव में 117 में से 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई।

Trending Videos
विज्ञापन

2027 से पहले विदेशों में फिर सक्रिय हुए दल
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों ने प्रवासी पंजाबियों से संपर्क बढ़ाना शुरू कर दिया है। शिरोमणि अकाली दल ने कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, यूरोप और उत्तरी अमेरिका में संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ाने की रणनीति बनाई है। सुखबीर सिंह बादल और युवा अकाली दल के अध्यक्ष सरबजीत सिंह झिंझर सहित पार्टी के नेता प्रवासी पंजाबियों से संपर्क कर रहे हैं। जून 2026 में अकाली दल के आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने कनाडा के ब्रैम्पटन, वैंकूवर, मॉन्ट्रियल, ओटावा और कैलगरी में बैठकें कीं।

आम आदमी पार्टी की सरकार ने भी एनआरआई मिलनियों और ऑनलाइन संपर्क कार्यक्रमों के जरिये प्रवासियों से संवाद किया। कुलदीप सिंह धालीवाल के कार्यकाल में एनआरआई मामलों के विभाग ने ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए। जून 2026 में मोहाली में एनआरआई मिलनी हुई। प्रवासियों ने संपत्ति विवाद, जमीनों पर अवैध कब्जे, धोखाधड़ी, निवेश, रोजगार और विदेश भेजने के नाम पर ठगी जैसे मुद्दे उठाए।

भाजपा ने भी प्रवासी पंजाबियों से संपर्क के लिए कार्यक्रम आयोजित किए। फरवरी 2026 में चंडीगढ़ में पंजाबी डायस्पोरा मीट हुई। कांग्रेस के सामने अपने पुराने ओवरसीज संपर्क नेटवर्क को फिर सक्रिय करने की चुनौती है।

विदेशी नागरिकता छोड़कर विधायक और मंत्री बने
अवतार सिंह हेनरी: जालंधर के अवतार सिंह हेनरी 1960 के दशक में ब्रिटेन गए थे। उन्होंने 1968 में ब्रिटिश नागरिकता और पासपोर्ट हासिल किया। बाद में भारत लौटकर पंजाब की राजनीति में सक्रिय हुए। उन्होंने 1986, 1992, 1997, 2002, 2007 और 2012 में विधानसभा चुनाव लड़े। 1992, 1997 और 2002 में जीतकर विधायक बने और पंजाब सरकार में मंत्री भी रहे।

जसबीर सिंह जस्सी खंगूड़ा: ब्रिटेन में कारोबार करने वाले जस्सी खंगूड़ा ने ब्रिटिश नागरिकता छोड़कर भारतीय नागरिकता अपनाई और कांग्रेस में शामिल हुए। 2007 में किला रायपुर से चुनाव जीतकर विधायक बने। 2012 में दाखा से चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। बाद में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। उनके परिवार की गुरदियाल कौर खंगूड़ा ने भी 2002 में किला रायपुर से चुनाव लड़ा था।

कुलदीप सिंह धालीवाल: धालीवाल करीब 13 साल अमेरिका में रहे। अमेरिकी नागरिकता छोड़कर 2014 में पंजाब लौटे और 2015 में आम आदमी पार्टी से जुड़े। 2019 में अमृतसर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन जीत नहीं सके। 2022 में अजनाला से विधायक चुने गए। भगवंत मान सरकार में कृषि, ग्रामीण विकास और एनआरआई मामलों के मंत्री बने।

जसबीर सिंह राजा गिल: करीब 17 साल अमेरिका में रहने के बाद उन्होंने 2017 के चुनाव से पहले अमेरिकी नागरिकता छोड़ी। उस समय आम आदमी पार्टी से टिकट नहीं मिला। 2022 में पार्टी ने उन्हें टांडा उड़मड़ से उम्मीदवार बनाया और वह विधायक चुने गए।
राणा इंदर प्रताप सिंह: करीब 20 साल अमेरिका में रहने के बाद 2022 में सुल्तानपुर लोधी से निर्दलीय चुनाव लड़ा। उन्होंने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सज्जन सिंह चीमा को हराया।

टिकट नहीं मिला, फिर भी छोड़ दी विदेशी नागरिकता
मनजीत सिंह दसूहा अमेरिका में कारोबारी थे। उन्होंने 2017 के चुनाव से पहले अमेरिकी पासपोर्ट छोड़कर भारतीय नागरिकता हासिल की। उन्हें आम आदमी पार्टी से टांडा का टिकट मिलने की उम्मीद थी, लेकिन पार्टी ने उम्मीदवार नहीं बनाया। बाद में वह अकाली दल के एक धड़े से जुड़ गए और 2022 में अकाली दल संयुक्त की ओर से उड़मुड़ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा।

होशियारपुर के अमरपाल सिंह ने कनाडा में 23 साल बिताए। उन्होंने कनाडा की नागरिकता छोड़कर भारतीय नागरिकता ली और 2017 में आम आदमी पार्टी से होशियारपुर का टिकट पाने की कोशिश की, लेकिन उम्मीदवार नहीं बन सके। अमेरिका में रहने वाले जसबीर सिंह राजा ने भी 2017 में टिकट की उम्मीद में भारतीय नागरिकता अपनाने की प्रक्रिया पूरी की थी।

विदेशों में 50 से 60 लाख पंजाबी, मतदाता 1613
विदेशों में पंजाब से जुड़े पंजाबियों की संख्या 50 से 60 लाख के बीच बताई जाती है। अनुमान के मुताबिक कनाडा में करीब 12 लाख, ब्रिटेन में सात लाख, अमेरिका में 2.5 लाख, ऑस्ट्रेलिया में 2.3 लाख और इटली में लगभग दो लाख पंजाबी रहते हैं।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक 2019 के लोकसभा चुनाव में पंजाब में 1,523 पंजीकृत प्रवासी मतदाता थे। इनमें से 33 ने मतदान किया। 2022 के विधानसभा चुनाव में पंजीकृत प्रवासी मतदाताओं की संख्या 1,389 थी। 2024 के लोकसभा चुनाव तक यह संख्या बढ़कर 1,613 हो गई, लेकिन इनमें से केवल 13 ने मतदान किया।

गांवों के विकास में आर्थिक सहयोग
कनाडा के ओटावा में रहने वाले पंजाबी समुदाय के चिंतक जसविंदर सिंह जस्सा के मुताबिक, विदेशों में बसे पंजाबियों का गांवों के विकास में लंबे समय से योगदान रहा है। प्रवासी पंजाबी गांवों में सड़क, धर्मशाला, गुरुद्वारा, स्कूल, अस्पताल, खेल मैदान और सामाजिक संस्थाओं के निर्माण के लिए आर्थिक सहायता देते हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में भी विदेशों में बसे समर्थकों ने प्रचार अभियान के लिए आर्थिक सहयोग दिया था। कुछ एनआरआई कार्यकर्ताओं ने प्रचार गाड़ियों, ईंधन, भोजन और ठहरने की व्यवस्था का खर्च उठाया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें