ब्लाक गढ़शंकर के गांव महिताबपुर के कुलवीर सिंह सिद्धू और उनकी पत्नी कुलविंदर कौर सिद्धू की कनाडा में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। सिद्धू करीब 18 साल पहले कनाडा में बसे थे। उनके पिता महिंदर सिंह और माता चन्नण कौर हादसे के बारे में पता चलते ही कनाडा के लिए रवाना हो गए।
डा. सोहन सिंह निवासी महिताबपुर ने बताया कि करीब 18 वर्ष पहले कुलवीर अपनी पत्नी कुलविंदर कौर, बेटे युवराज और बेटी सिमरन के साथ कनाडा चले गए थे। वहां वह बतौर एचवीएसी टेक्नीशियन और उनकी पत्नी वालमार्ट में बतौर मैनेजर काम करते थे। इन दिनों वह कैनेडा के ओंटारियो राज्य के शहर ब्रैंपटन में रह रहे थे। दो अक्तूबर की दोपहर वह अपनी बेटी को सेंट कैथलीन में सेंट कैथलीन यूनिवर्सिटी में छोड़ कर घर लौट रहे थे।
इस दौरान एक चालक ने गलत दिशा में आकर इस दंपती की गाड़ी में सीधी टक्कर मार दी जिससे इनकी कार में आग लग गई। हादसे में दोनों पति-पत्नी कार में ही जल गए। अभी तक पुलिस की जांच पूरी नहीं हुई है। उनके भाई ने बताया कि कुलवीर को परिवार समेत दिसंबर में भारत आना था।
कुलवीर ने गढ़शंकर से दसवीं करने के बाद खालसा कॉलेज माहिलपुर से हायर सेकेंडरी और फिर इंजीनियरिंग गुरु नानक इंजीनियरिंग कॉलेज लुधियाना से की थी। उसके बाद उनकी नियुक्ति बतौर सीनियर इंजीनियर एचआरटी मोहाली में हुई। वहां रहते हुए कुलवीर ने आधुनिक इलेक्ट्रिक मीटर के विकास में अहम योगदान दिया था जिसका नाम उन्होंने उस समय काई इनर्जी रखा था। कुलवीर की शादी जिला शहीद भगत सिंह नगर में बंगा के गांव सरहाल काजियां निवासी कुलविंदर कौर से हुई थी।