कोटकपूरा। थाना सदर पुलिस ने गांव ढिलवां कलां के नजदीक लूटपाट की योजना बना रहे एक गिरोह के पांच आरोपियों को तेजधार हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपियों की पहचान गांव हरीनौ निवासी जशनजोत सिंह उर्फ जस्सा और मनप्रीत सिंह उर्फ अरमान, गांव मोड़ निवासी गुरविंदर सिंह उर्फ गिंदा, गांव सिरसड़ी निवासी रिंकू उर्फ हनेरी और गांव देवीवाला निवासी बंटी सिंह उर्फ काली के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक गुरबंस सिंह बैंस के दिशा-निर्देशों पर असामाजिक तत्वों के खिलाफ मुहिम चलाई जा रही थी। इसी मुहिम के तहत थाना सदर कोटकपूरा के सहायक उपनिरीक्षक करतार सिंह पुलिस पार्टी के साथ गांव ढिलवां कलां के नजदीक नेशनल हाईवे पर मौजूद थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि यह गिरोह राहगीरों से लूटपाट करता है। सूचना के अनुसार, गिरोह के पांच आरोपी एक लिंक रोड पर लूटपाट की योजना बना रहे थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की और पांचों आरोपियों को तेजधार हथियारों सहित काबू कर लिया। इस संबंध में पुलिस उपाधीक्षक संदीप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस उनका रिमांड हासिल कर पूछताछ करेगी। पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस उनके द्वारा की गई पिछली लूटपाट और अन्य आपराधिक वारदात का भी पता लगाएगी।