फिरोजपुर। मक्खू स्थित एक्सप्रेस लिमिटेड कंपनी के ऑफिस से मंगलवार को तीन बदमाशों ने तेजधार हथियार के बल पर मुलाजिमों से 44 हजार 5 सौ 39 रुपये की नकदी और 23 हजार 185 रुपये के पार्सल लूट लिए और मौके से फरार हो गए। थाना मक्खू पुलिस ने तीनों बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कंपनी मुलाजिम गुरसेवक सिंह निवासी गांव मरूड़ ने पुलिस को बताया कि बाइक सवार तीन बदमाश ऑफिस में आए थे। उन्होंने तेजधार हथियार का डर दिखाते हुए कहा कि यहां जितनी भी धनराशि है उसे मेरे हवाले कर दो, नहीं तो जान से हाथ धो बैठोंगे। गुरसेवक ने अलमारी में रखे 44 हजार 5 सौ 39 रुपये निकालकर दे दिए। आरोपी जाते समय अपने साथ वहां से तीन पार्सल भी ले गए। इन पार्सलों की कीमत 23 हजार 185 रुपये थी। एएसआई बलवंत सिंह के अनुसार पीड़ित मुलाजिम के बयान पर बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।