-एनआईए का मोस्ट वांटेड है बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़ा लाडी-
जालंधर। कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा के सरी शहर में हाल ही में खुले कैफे पर बुधवार रात अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। हमलावरों ने नौ राउंड फायर किए। बब्बर खालसा के आतंकी हरजीत सिंह लाडी ने इसकी जिम्मेदारी ली है। फायरिंग में कोई जख्मी नहीं हुआ लेकिन इससे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है जिसमें एक व्यक्ति कार में बैठकर कैफे की खिड़की पर लगातार गोलियां चलाता दिखाई दे रहा है। कैफे के आसपास बने घरों की दीवारों पर भी गोलियों के निशान देखे गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि लाडी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के मोस्ट वांटेड आतंकियों में से एक है और बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़ा है। फायरिंग के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस कैफे के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। टीम ने घटनास्थल से गोलियों के खोल बरामद किए हैं। उल्लेखनीय है कि कपिल शर्मा ने हाल ही में कनाडा में कैप्स कैफे नाम से कैफे शुरू किया था। कपिल शर्मा ने अपनी पत्नी गिन्नी के साथ कनाडा जाकर इसका उद्घाटन किया था।
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) नेता विकास प्रभाकर उर्फ विकास बग्गा की हत्या के मामले में एनआईए को हरजीत सिंह लाडी की तलाश है। विहिप नेता की अप्रैल 2024 में रूपनगर जिले में उनकी दुकान पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।