संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। इंडस्ट्रियल एरिया के तहत आने वाले गदईपुर और लेदर कॉम्प्लेक्स में सोमवार को दो बड़ी फैक्टरियों में आग लगने से लाखों का सामान जल गया गया। भीषण लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक देखा गया, जिससे आसपास के इलाकों में अफरातफरी मच गई।
पहली घटना गदईपुर स्थित आशा रबड़ फैक्टरी की है, जहां टायर बनाने वाली इकाई में आग लग गई। फैक्टरी मौजूद कर्मचारियों ने दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंच आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
वहीं, दूसरी घटना लेदर कॉम्प्लेक्स स्थित बाबा इंटरनेशनल स्पोर्ट्स फैक्टरी की है, जहां सुबह आठ बजे के करीब आग लगी। फैक्टरी मालिक विजय शर्मा ने आग की सूचना दमकल विभाग को दी। आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि दमकल कर्मियों को फैक्टरी के अंदर जाने में भी मुश्किल हो रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्टरी में प्लास्टिक के ड्रम फटने से धमाके भी हुए, जिससे लोगों में दहशत बनी रही। समाचार लिखे जाने तक दोनों ही स्थानों पर राहत और बचाव कार्य जारी थे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और जांच जारी है।