कोविड-19 महामारी के बीच 21 सितंबर से रेलवे ने चालीस क्लोन ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है, इनमें से तीन ट्रेनें रेल डिवीजन फिरोजपुर को मिली हैं। अमृतसर रेलवे स्टेशन से विभिन्न शहरों के लिए चलने वाली यह ट्रेनें पूरी तरह आरक्षित होंगी। यह जानकारी रेल मंडल प्रबंधक राजेश अग्रवाल ने दी है।
डीआरएम अग्रवाल ने बताया कि न्यू जलपाईगुड़ी-अमृतसर एक्सप्रेस (04653) न्यू जलपाईगुड़ी से शुक्रवार को चलेगी, जो सुबह 7:00 बजे प्रस्थान करेगी। अमृतसर में इसका आगमन 16:20 बजे होगी। अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस (04654) अमृतसर से बुधवार की सुबह 8:10 बजे प्रस्थान करेगी और न्यू जलपाईगुड़ी 17:45 बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव दोनों दिशाओं में कटिहार, समस्तीपुर, छपरा, गोरखपुर, सीतापुर, मुरादाबाद, सहारनपुर आदि स्टेशनों पर होगा।
जयनगर-अमृतसर एक्सप्रेस (04651) जयनगर से मंगलवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी। ट्रेन जयनगर से सुबह 6:15 बजे प्रस्थान करेगी और अमृतसर में इसका आगमन दोपहर 13:00 बजे होगा। अमृतसर-जयनगर एक्सप्रेस (04652) अमृतसर से रविवार, बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। यह ट्रेन अमृतसर से सुबह 10:55 बजे प्रस्थान करेगी और जयनगर रात्रि 20:00 बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव दोनों दिशाओं में समस्तीपुर, छपरा, शाहगंज, लखनऊ, मुरादाबाद, दिल्ली, अंबाला कैंट आदि स्टेशनों पर होगा।
बांद्रा टर्मिनस- अमृतसर एक्सप्रेस (09025) बांद्रा टर्मिनस से सोमवार को चलेगी, बांद्रा टर्मिनस से सुबह 11:15 बजे प्रस्थान करेगी और अमृतसर में इसका आगमन दोपहर 15:10 बजे होगा। अमृतसर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (09026) अमृतसर से बुधवार को चलेगी। यह ट्रेन अमृतसर से सुबह 7:00 बजे प्रस्थान करेगी। बांद्रा टर्मिनस पर सुबह 11:15 बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव दोनों दिशाओं में वडोदरा, रतलाम, कोटा, नई दिल्ली, अंबाला कैंट आदि रेलवे स्टेशनों पर होगा। डीआरएम ने बताया कि इन ट्रेनों का किराया हमसफर एक्सप्रेस के अनुसार लागू होगा। ट्रेनों में अग्रिम आरक्षण की सीमा 10 दिनों की होगी। यात्रा करने के लिए कोविड-19 के संबंध में भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा- निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।