संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। क्षेत्र के शांति नगर निवासी एक व्यक्ति ने फाइनेंसरों से तंग आकर नहर में छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली है। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
बिंदिया वासी शांति नगर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसका पति प्रिंस एसीआईएम रमन कुमार की अदालत में बतौर सेवादार कार्यरत है। उसके पति ने आरोपी फाइनेंसर नीरज, अमित सचदेवा व खुल्लर फाइनेंस वाला वासी बस्ती टैंका वाली से धनराशि उधार ली थी। प्रिंस ने काफी हद तक उधारी लौटा दी थी, फिर भी उसके पति को ये लोग हरासमेंट करते थे। इन्हीं से तंग आकर प्रिंस ने नहर में छलांग लगाकर खुदकुशी की है। थाना सिटी पुलिस ने बिंदिया के बयान पर आरोपी नीरज, अमित व खुल्लर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी फरार है।