कोरोना महामारी के कारण पिछले 7 माह से बंद पड़े स्कूलों को 19 अक्तूबर से खोलने की इजाजत दे दी गई थी। पहले दिन विद्यार्थियों की संख्या कम थी, लेकिन जैसे समय बीतता जा रहा है, वैसे स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि जो विद्यार्थी स्कूल आ रहे हैं, उनको छोड़ने के लिए खुद अभिभावक उनके साथ आ रहे हैं। वे बच्चों को स्कूल छोड़ने के दौरान स्कूल की तरफ से सुरक्षा के लिए किए गए प्रबंधों को भी देख रहे हैं। वहीं जो विद्यार्थी नहीं आ रहे हैं, उनके लिए ऑनलाइन कक्षाएं भी लगाईं जा रही है। सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी नेहरू गार्डन स्कूल की प्रिंसिपल गुरिंदरजीत कौर ने बताया कि ऑनलाइन क्लास व स्कूल में क्लास एक ही समय में चल रहीं हैं। इसका फायदा यह है कि अगर विद्यार्थियों को किसी तरह का संदेह हो तो वह उसके बारे में अध्यापक से पूछ सकते हैं। सरकारी मॉडल को-एजुकेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लाडोवाली रोड़ की प्रिंसिपल मनिंदर कौर का कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रबंध किए गए हैं। सभी के लिए मास्क पहन कर आना अनिवार्य है। स्कूल में सैनिटाइजर स्टैंड रखे गए हैं। कक्षाओं में भी प्रत्येक एक घंटे बाद शिक्षकों व विद्यार्थियों के हाथों को सैनिटाइज करवाया जा रहा है।