किसान मजदूर संघर्ष कमेटी की ओर से 23वें दिन का रेल रोको आंदोलन बाबा बंदा बहादुर जी के जन्मदिवस को समर्पित किया गया। कमेटी ने एलान किया कि 23 अक्तूबर को अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर और टांडा में केंद्र सरकार और कारपोरेट घरानों के दस फुट लंबे पुतले बनाकर फूंके जाएंगे।
किसान नेता सतनाम सिंह पन्नू और सरवन सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार ने किसानों पर झूठे परचे दर्ज करने शुरू कर दिए हैं, जिनकी कमेटी सख्त निंदा करती है। किसान आंदोलन के दौरान संगरूर, बुडलाढ़ा व बरनाला में जिन किसानों की मौत हुई है, पंजाब सरकार उनके परिजनों को बीस लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दे। किसान नेता सरवन सिंह ने कहा कि रेल रोको आंदोलन को और आगे बढ़ाने के संबंध में 17 अक्तूबर को प्रदेश स्तरीय कोर कमेटी फैसला लेगी।