रैंप तोड़े जाने के मामले में कार्रवाई न होने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। गांव फलियांवाला के एक दलित परिवार से जुड़े जमीन विवाद में इंसाफ न मिलने के विरोध में भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर ने सोमवार को जलालाबाद में रेलवे ट्रैक पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरने में बड़ी संख्या में किसान-मजदूर शामिल हुए। इस दौरान विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी, बीडीपीओ और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। रेलवे ट्रैक पर धरने के कारण रेल यातायात भी प्रभावित हुआ।
भाकियू एकता सिद्धूपुर के जिला प्रधान परगट सिंह चक्कपखी ने बताया कि फलियांवाला के दलित परिवार की अपनी जमीन पर बने रैंप को कथित तौर पर उखाड़ दिया गया है। परिवार दोबारा रैंप बनाने की मांग कर रहा है लेकिन लंबे समय से शिकायत के बावजूद प्रशासन ने समस्या का समाधान नहीं किया। उन्होंने बताया कि यूनियन करीब दो माह से परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए अधिकारियों के समक्ष मामला उठा रही है। कई बार बातचीत और शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर रेलवे ट्रैक पर धरना देने का फैसला लिया गया।
परगट सिंह ने आरोप लगाया कि परिवार पर राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है और प्रशासन शिकायत को गंभीरता से नहीं ले रहा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर रैंप विवाद का कानून के अनुसार समाधान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इंसाफ मिलने तक धरना जारी रहेगा और मांग पूरी नहीं होने पर संघर्ष तेज किया जाएगा।