फिरोजपुर में यूपी के किसानों पर लाठीचार्ज करने के विरोध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतल?
- फोटो : FIROZPUR
फिरोजपुर। यूपी से दिल्ली आ रहे किसानों पर मुरादाबाद के पास पुलिस की ओर से लाठीचार्ज किए जाने के विरोध में बुधवार को फिरोजपुर के कई गांवों में किसानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारी किसानों ने यूपी व केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर भड़ास निकाली।
किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के नेता सुखवंत सिंह लोहका ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इशारे पर किसान आंदोलन में हिस्सा लेने आ रहे किसानों को को मुरादाबाद टोल बैरियर के पास घेरकर लाठीचार्ज किया गया। वहां जैमर लगाकर उनकी आवाज को दबाने का प्रयास किया। यही नहीं उन्हें पूरी रात खाने-पानी को कुछ नहीं दिया गया। सुखवंत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न्यौते पर गणतंत्र दिवस पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री भारत पहुंच रहे हैं और दिल्ली में किसानों का आंदोलन काफी गरमाता जा रहा है।
पंजाब के किसानों ने ब्रिटेन के पंजाबियों से अपील की है कि वह अपने प्रधानमंत्री पर दबाव डाले कि ऐसे मौके पर वह भारत न जाएं। किसानों ने कांग्रेसी सांसद डिंपा की तरफ से एक पत्रकार से दुर्व्यवहार किए जाने की भी सख्त शब्दों में निंदा की है। किसान नेता लखविंदर सिंह, सुखचैन सिंह, तरसेम सिंह, जसवंत सिंह, निर्मल सिंह, जोगिंदर सिंह व महिल सिंह ने कहा कि 25 दिसंबर को पंजाब से हजारों वाहनों पर किसान-मजदूरों का जत्था दिल्ली कूच करेगा।