आठ घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग उठाई
संवाद न्यूज एजेंसी
मोगा। मोगा जिले में बिजली की अपर्याप्त आपूर्ति के विरोध में शनिवार को किसानों ने प्रदर्शन किया। विभिन्न किसान यूनियनों ने जिले के चार प्रमुख स्थानों पर हाईवे और मुख्य मार्गों को जाम कर दिया। किसान खेतों के लिए आठ घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग कर रहे हैं।
किसानों ने बाघापुराना और निहाल सिंह वाला के मुख्य चौकों पर धरना दिया। अजीतवाल में फिरोजपुर-लुधियाना मार्ग पर पावर ग्रिड के पास भी प्रदर्शन हुआ। धर्मकोट क्षेत्र के कडियाल में पावर ग्रिड के बाहर भी किसानों ने रोष जताया। समालसर के पास मोगा-कोटकपूरा मार्ग पर भी यातायात बाधित किया गया। किसानों का कहना है कि धान की फसल को पानी की सख्त जरूरत है। उन्हें पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। बिजली विभाग ने पहले दो दिन में समस्या हल करने का आश्वासन दिया था। हालांकि, इसमें कोई सुधार नहीं हुआ। किसानों की मुख्य मांग खेतों के लिए लगातार आठ घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है। उनका कहना है कि सरकार के आठ घंटे बिजली देने के दावे जमीनी हकीकत से दूर हैं। बिजली कटौती के कारण धान की फसल को समय पर पानी नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे अनिश्चितकाल के लिए धरना जारी रखेंगे।