टूरिस्ट वीजा लेकर भारत घूमने आया एक जापानी नागरिक पिछले 40 दिनों से चल रहे लॉकडाउन के कारण भारत में फंसा गया है। लॉकडाउन शुरू होने वाले दिन वह पठानकोट में था और वहां से उसकी हालत को देखते हुए शहर का एक नौजवान एक दिन पहले ही उसे अपने साथ पठानकोट से फरीदकोट लेकर आया है। सूचना के बाद जिला प्रशासन ने रयोमा तनाका नामक जापानी नागरिक को यहां के अफसर क्लब में क्वारंटीन करवा दिया है और उसके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। साथ ही उसके बारे में दिल्ली स्थित जापानी दूतावास को सूचित किया जा रहा है।
इस मामले में बलबीर बस्ती निवासी राजकुमार ने बताया कि लॉकडाउन के कारण वह भी अपनी ससुराल पठानकोट में फंसा हुआ था। एक दिन पहले जब वह अपनी बाइक पर पठानकोट से फरीदकोट वापस आ रहा था तो वहां के अमृतसर रोड पर उसे जापानी नागरिक मिला जो रो रहा था। मैंने उसकी हालत देखते हुए उसे फरीदकोट प्रशासन से मदद दिलाने की बात कही और अपने साथ फरीदकोट ले आया और यहां आते ही पुलिस को सूचित किया। जापानी नागरिक ने अपनी दास्तां सुनाते हुए कहा कि भारत में जिस दिन लॉकडाउन हुआ, वह पठानकोट में था और वहां एक होटल में रुक गया।
जब उसके पास पैसे खत्म हो गए तो होटल वालों से उसे निकाल दिया। उसने वहां कई लोगों से मदद मांगी, लेकिन किसी ने कोई सुनवाई नहीं की और रास्ते में राजकुमार के साथ फरीदकोट आ गया। इस मामले में एसडीएम परमदीप सिंह ने कहा कि यह जापानी नागरिक जनवरी 2020 में टूरिस्ट वीजा लेकर भारत आया था और दिल्ली, मुंबई, कोलकाता घूमते हुए चंबा (हिमाचल) पहुंच गया था। चंबा से वापस लौटते समय जब वह पठानकोट पहुंचा तो लॉकडाउन हो गया और वहीं फंस गया। फरीदकोट के नौजवान ने जब उसे दयनीय हालत में देखा तो वह उसे अपने साथ फरीदकोट ले गया। दोनों ही अलग अलग बाइक पर पठानकोट से फरीदकोट आए।
जिला प्रशासन ने नागरिक को क्वारंटीन कर दिया है और सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। साथ ही उसे हर तरह की सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं और उसके बारे में दिल्ली स्थित जापानी दूतावास को सूचित किया जा रहा है। ताकि वह अपने नागरिक को वापिस भेजने संबंधी प्रक्रिया शुरू कर सके।