फरीदकोट। स्थानीय बाबा फरीद मेडिकल यूनिवर्सिटी की ओर से सीनियर सहायक के पदों की भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा में यूनिवर्सिटी नर्सिंग कॉलेज के केंद्र पर किसी अन्य के स्थान पर परीक्षा दे रही युवती को स्टाफ ने काबू कर पुलिस को सौंप दिया। आरोपी युवती हिसार की रहने वाली है। युवती संगरूर निवासी युवती के स्थान पर परीक्षा में बैठी थी। थाना कोतवाली पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। असल परीक्षार्थी की तलाश की जा रही है।
पुलिस को भेजी शिकायत में यूनिवर्सिटी नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल और परीक्षा केंद्र की कोआर्डिनेटर ने बताया कि उनके कॉलेज में यूनिवर्सिटी की ओर से सीनियर सहायक के पदों के लिए भर्ती परीक्षा करवाई जा रही थी। इसमें आरोपी युवती किसी और के स्थान पर पेपर दे रही थी। परीक्षा केंद्र के स्टाफ ने उसे मौके पर पकड़ लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना कोतवाली के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार युवती से पूछताछ कर परीक्षा में बैठने के बदले हुए लेनदेन के बारे में पता करने की कोशिश की जा रही है।