मॉडलिंग व मेकअप आर्टिस्ट के नाम पर ठगने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में पता चला है कि पकड़ा गया व्यक्ति थाना सिटी से पीओ भी घोषित है। आरोपी ने माना कि कांग्रेस के जाने माने नेता के बेटे को भी इंग्लैंड भेजने के नाम पर लाखों रुपये हड़प चुका है। यही नहीं पुलिस के अनुसार आरोपी ऑक्सीजन व वैक्सीन दिलाने के नाम पर भी ठगी करता है।
थाना सिटी की पुलिस ने केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर ठगी के मामलों को खंगालना शुरू कर दिया है। डीएसपी सब डिवीजन सुरिंदर सिंह ने बताया कि स्पीड रिकार्डिंग कंपनी के डायरेक्टर दिनेश औलख ने एक शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसमें बताया कि उनकी स्पीड रिकार्डिंग कंपनी का कार्यालय कपूरथला, जालंधर व मोहाली में स्थित है। पिछले एक साल से सचिन ग्रोवर नामक का युवक स्पीड रिकार्डिंग के नाम पर युवाओं से शूटिंग में मेकअप आर्टिस्ट व मॉडलिंग के नाम पर रुपये ऐंठ रहा था। इसके लिए आरोपी ने बाकायदा सोशल मीडिया पर ग्रुप बनाया हुआ था। युवा उसकी बातों में आकर बताए हुए अकाउंट में रुपये भेज देते थे। आरोपी के दो पते हैं, जिनमें मोहल्ला कायमपुरा, हाल निवासी सैफरन एनक्लेव कपूरथला और दूसरा पता डीडीओ फ्लैट शिवा जी एनक्लेव नई दिल्ली है।
पैसे लेने के बाद सचिन ग्रोवर अपना मोबाइल फोन बंद कर देता था। जिसके बाद दिनेश औलख खुद मामले की तह तक पहुंचे और सचिन ग्रोवर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो ठग सचिन ग्रोवर के मामलों की फेहरिस्त लंबी होती चली गई। डीएसपी ने बताया शातिर ठग ने कांग्रेस के पूर्व इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमेन स्वर्गीय कुलवंत भंडारी के बेटे हरवंत भंडारी से इंग्लैंड भेजने के नाम पर लाखों रुपये ठगे है। यही नहीं उसने कोरोना संकट के समय को ठगी के लिए खूब भुनाया और ऑक्सीजन व वैक्सीन के नाम पर भी लोगों से पैसे इकट्ठे किए। अब तक ठग कितनी रकम ऐंठ चुका है, पुलिस इसकी जांच कर रही है।