जालंधर। आदमपुर के विधायक पवन टीनू ने तमाम पार्षदों के साथ सोमवार को जालंधर के डीसी घनश्याम थोरी से मुलाकात की और आरोप लगाया कि आदमपुर नगर काउंसिल के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) ने मिलीभगत कर करोड़ों की सरकारी जमीन पर सीवरेज पाइपलाइन डलवा दी है। इस मामले में तत्काल कार्रवाई की जाए।
विधायक टीनू का आरोप है कि यह सीवरेज सड़क पर डाला जाना था, लेकिन ईओ ने एक व्यक्ति को फायदा पहुंचाने के लिए सरकारी जमीन बर्बाद कर दी। उन्होंने विकास कार्यों में भी भेदभाव का आरोप लगाया। अकाली विधायक टीनू ने इस बात पर भी रोष जताया कि जिन कार्यों के वर्क ऑर्डर जारी कर दिए गए थे, उनके टेंडर दोबारा लगाए जा रहे हैं। नालियों की सफाई के लिए 5 लाख रुपये में हर साल काम होता था, लेकिन इस बार यह 28 से 30 लाख रुपये में करवाया जा रहा है, जिसकी उच्चस्तरीय जांच की जाए। विधायक पवन टीनू ने आदमपुर-होशियारपुर मार्ग पर बनाए जा रहे फ्लाईओवर का मामला भी उठाया और कहा कि फ्लाईओवर का निर्माण दो साल में पूरा होना था, लेकिन 3 साल बाद भी काम अधर में है और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डीसी ने अकाली विधायक व नेताओं को ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया।