हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रमुख बलजीत सिंह दादूवाल ने एक वीडियो जारी कर सिख युवाओं से कट्टरवाद और हिंसा से दूर रहने की अपील की है। उन्होंने अलगाववादी संगठनों के 'डॉलर के सपनों' के लालच में नहीं आने का आह्वान भी किया। दादूवाल ने युवाओं को भड़काने वालों से भी ऐसा न करने की अपील की।
नशा और धर्म परिवर्तन रोकने के लिए मुहिम चलाएगी डीएसजीपीसी
दिल्ली सिख गुरुदारा प्रबंधक कमेटी पंजाब में एक मुहिम का आगाज करने जा रही है। इसके तहत जहां कमेटी पंजाब में बढ़ रहे नशे के इस्तेमाल, धर्म परिवर्तन को रोकने का प्रयास करेगी, वहीं कमेटी पंजाब के अमृतसर में बुधवार को धर्म प्रचार सेवा केंद्र की शुरुआत भी करने जा रही है, जिसके जरिये कमेटी पंजाब में धर्म प्रचार करेगी। इस कार्य के लिए संस्था ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, श्री दमदमा साहिब व निहंग सिंग जत्थेबंदियों से सहयोग देने की मांग की है।
इस बारे में कमेटी के प्रधान हरमीत सिंह कालका व जरनल सचिव जगदीप सिंह ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य पंजाब में नशा छुड़ाने व धर्म परिवर्तन को रोकने की मुहिम शुरू करने का है। इसके लिए डॉ. मनजीत सिंह की देखरेख में अमृतसर में मुख्य दफ्तर बनाया जा रहा है, जिससे पूरे पंजाब में कमेटी अपनी गतिविधियों का प्रचार करेगी।
उन्होंने कहा कि इस मुहिम के तहत कमेटी पंजाब के उन नौजवानों को सही रास्ते पर लाने की कोशिश करेगी, जो नशे के दलदल में डूब चुके हैं। इसके अलावा पंजाब में सबसे बड़ा मुद्दा धर्म परिवर्तन का भी बनता जा रहा है। कमेटी अपना धर्म छोड़कर दूसरे धर्मों में जाने वाले लोगों को भी जागरूक करेगी, ताकि पंजाब में बढ़ रहे धर्म परिवर्तन के मामलों को रोका जा सके।