सूबे की उद्योगपति रोजाना नए टैक्सों के बोझ से बेहद रोष मेें हैं और उनकी कमर टूट रही है, इस बात का मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को पता नहीं है और न ही इंडस्ट्री की समस्या से वे अवगत हैं।
यह बात सीएम बादल ने शुक्रवार को जालंधर में खुद पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि व्यापारियों व इंडस्ट्री ने आजतक समस्या को लेकर उनसे संपर्क ही नहीं किया है। सीएम शुक्रवार को जालंधर में डॉ. हरगोबिंद खुराना स्कॉलरशिप स्कीम का उद्घाटन करने के लिए खास तौर पर जालंधर में राजस्तरीय समारोह में बतौर मुख्य मेहमान हिस्सा लेने के लिए आए हुए थे।
इस दौरान बादल ने कहा कि भाजपा के नेता तो उनसे मिलते रहते हैं लेकिन इंडस्ट्री को कोई समस्या है या उद्योगपति सड़कों पर रोष प्रदर्शन कर रहे हैं, इसकी जानकारी उनके पास नहीं है। बादल ने कहा कि अगर व्यापारियों को कोई टैक्स संबंधी कोई समस्या है तो उन्हें मेरे पास आना चाहिए था। डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने चंडीगढ़ में व्यापारियों के साथ 30 जुलाई को बैठक की। इसमें कई घोषणाएं की गईं, इस संबंधी भी बड़े बादल ने कहा कि उनको इस बारे में पता ही नहीं है।
यह बात तो सुखबीर को ही पता होगी। इस बीच बादल के पीछे खड़े सीपीएस केडी भंडारी ने कहा कि उनकी बात प्रदेश प्रधान कमल शर्मा से हुई है और वे उन्होंने कहा था कि एक-दो दिन में सीएम से इंडस्ट्री की समस्या को लेकर मुलाकात करवाई जाएगी।
मोदी की पंजाब रैली के लिए पर्याप्त सुरक्षा की बात पर सीएम ने कहा कि रैली के लिए प्रदेश और केंद्र सरकार को सुरक्षा प्रदान करनी होती है। मोदी की सुरक्षा के लिए पूरी तैयारी की जा रही है। कांग्रेसियों की सुरक्षा वापस लेकर शिअद नेताओं को दिए जाने के आरोपों को सीएम ने बेबुनियाद करार दिया और कहा कि वे रंजिश या बदले की राजनीति में विश्वास नहीं रखते। प्रदेश में टकसाली नेताओं और कट्टपंथियों के फोटो सहित बोर्ड लगाने को लेकर हुए विवाद पर सीएम ने कहा कि प्रदेश में ऐसा कोई काम नहीं होना चाहिए, जिससे सूबे की अमन शांति भंग हो।
बाजवा की बात चली तो विधानसभा में कांग्रेसी ही खुश थे : बादल
सीएम बादल ने शुक्रवार को मजाकिया लहजे में कहा कि प्रताप सिंह बाजवा के खिलाफ जब स्कैंडल उठता है और बात चलती है तो कांग्रेसी बड़े खुश होते हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा में जब मुद्दा उठा तो काफी कांग्रेसी विधायक पूरा आनंद ले रहे थे और मजे लेकर अंदर ही अंदर खुश हो रहे थे।