सिटी रेलवे स्टेशन से सटे डीएमयू शेड के पास वीरवार को डीएमयू का इंजन रेलवे ट्रैक से नीचे उतर गया। हादसा तब हुआ जब इंजन शेड से बाहर आ रहा था।
इंजन को जालंधर-फिरोजपुर जाने वाली ट्रेन के साथ जोड़ा जाना था। यह ट्रेन शाम 5:30 बजे जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन से रवाना की जाती है। गनीमत रही कि बड़ा हादसा होने से बच गया।
पटरी से उतरे डीएमयू इंजन की खबर सुनते ही रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंच गए। ट्रैक से उतरे इंजन को पटरी पर चढ़ाने का काम शुरू हो गया।
कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद इंजन को पटरी पर चढ़ाया गया। रेलवे अधिकारियों ने इंजन के पटरी से उतरने के मामले में जांच कमेटी का गठन कर दिया है।
स्टेशन सुपरिंटेंडेंट एसके बहल ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद इसकी रिपोर्ट फिरोजपुर डिवीजन के अधिकारियों को भेजी जाएगी।