स्कूली बच्चों के आधार कार्ड बनवाने के फरमान के बाद नौनिहालों की परेशानी बढ़ गई है।
प्रशासन की तरफ से आनन-फानन में लगभग 300 स्कूलों को शोकॉज नोटिस भेजकर बच्चों के आधार कार्ड बनवाने का फरमान तो सुना दिया, लेकिन इसके चलते बच्चों के अभिभावक सुबह से सुविधा सेंटर में लाइन लगाए हुए हैं।
उनके साथ छोटे बच्चों को भी सर्दी के मौसम में उनके साथ आना पड़ रहा है। इसके अलावा बच्चों को छुट्टी करवाकर अभिभावक आधार कार्ड बनवाने के लिए पहुंच रहे हैं।
प्रशासन से मिले 48 घंटे के इस शोकॉज नोटिस के बाद तो कई स्कूल वालों ने बच्चों को किसी बहाने से आधी छुट्टी करके आधार कार्ड बनवाने के लिए भेज दिया है।
सुविधा सेंटर में बच्चों व उनके अभिभावकों का तांता लगा हुआ है। अभिभावकों का कहना है कि प्रशासन को बच्चों के आधार कार्ड बनवाने के लिए स्कूलों में ही कैंप लगवाने चाहिए थे।
अगर सभी स्कूलों में इस तरह के कैंप लगाने संभव नहीं थे तो शहरों की कुछ जगहों पर सार्वजनिक तौर पर कैंप लगाए जा सकते थे।
प्रदेश सरकार ने राज्य के सरकारी स्कूलों में 25 दिसंबर से 3 जनवरी तक छुट्टियां घोषित कर दी है। शिक्षा मंत्री डा. दलजीत सिंह चीमा के अनुसार ज्यादा ठंड होने से ये छुट्टियां की गई है।
इस वजह से ही प्रशासन ने सभी स्कूलों को 48 घंटे के भीतर बच्चों के आधार कार्ड बनवाने का नोटिस जारी किया। वहीं इतने सारे बच्चों के आधार कार्ड 48 घंटे में बनवाना शायद मुमकिन नहीं हो पाएगा।