संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। संबंधों में बाधा बनने पर बहू ने प्रेमी संग मिलकर सास की हत्या की थी। यह खुलासा शनिवार को पुलिस ने किया है। सास अंग्रेज कौर 18 फरवरी को घर से बेटी से मिलने उसके ससुराल जाने के लिए निकली थी और वहां भी नहीं पहुंची थी। इसके बाद 25 फरवरी को उसका शव जीरा-मल्लांवाला रोड पर पड़ते गांव कोठे गादड़ी वाला से मिला था। थाना सिटी जीरा पुलिस ने आरोपी बहू, उसके प्रेमी समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी भगीरथ सिंह मीणा ने बताया कि अंग्रेज कौर का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। जिस जगह पर शव मिला था, वहां से जो भी रास्ता निकलता है, वहां लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज एकत्र किए गए। इसके अलावा उसका मोबाइल फोन की काल चेक की गई, आखिरी बार उसका मोबाइल फोन कहां बंद हुआ है। इसके अलावा परिवार के सदस्यों के भी मोबाइल फोन की लोकेशन चेक की गई।
एसएसपी ने बताया पुलिस ने पांच मार्च को आरोपी राजविंदर सिंह व गुरराजन सिंह को बहादर वाला थाना फत्तेहगढ़ पंजतूर जिला मोगा से गिरफ्तार किया। इसी दिन बहू सर्बजीत कौर को भी काबू किया। एसएसपी ने बताया कि तीनों आरोपियों ने अंग्रेज कौर को रास्ते से अगवा कर उसका गला घोंट कर हत्या कर दी और लाश गांव कोठे गादड़ी के पास फेंक दी।
आरोपियों से वारदात के समय इस्तेमाल की गई इंडिको कार, अंग्रेज कौर की सोने की बाली, मोबाइल फोन व अन्य सामान भी बरामद किया है। बहू का अपने भांजे राजविंदर सिंह के साथ संबंध थे। सर्बजीत कौर रिश्ते में राजविंदर की मौसी है। अंग्रेज कौर दोनों को ऐसा करने से रोकती थी, इसीलिए दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।