मलोट पुलिस की ओर से वारदात में इस्तेमाल की गई स्कोडा कार बरामद की गई।
- फोटो : अमर उजाला
युवती को ऑफिस से अगवा करके कार में उसके साथ रेप करने वाले जोजो के साथ को भी पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया। इसकी पुष्टि डीएसपी मनविंदर बीर सिंह ने रविवार को प्रेस कांफ्रेंस कर की है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में संलिप्त दूसरे आरोपी गांव तप्पाखेड़ा निवासी संदीप को भी शनिवार देर शाम पुलिस ने मलोट के बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से वारदात के दौरान इस्तेमाल की गई स्कोडा कार भी बरामद की गई है। आरोपी को 25 अप्रैैल को अदालत में पेश किया जाएगा।
25 मार्च को एक युवती को उसी के गांव का जगदीप सिंह उर्फ जोजो घसीटकर ले जाने के बाद अपनी स्कोडा कार से गांव तप्पा खेड़ा ले गया था। वहां पर उसने युवती के साथ दुराचार किया था। पुलिस ने जोजो और उसकी कार चलाने वाले युवक पर केस दर्ज कर लिया था।
आरोपियों की गिरफ्तारी न किए जाने पर आखिर पीड़ित परिवार को बीते वीरवार को जहां विभिन्न संगठनों के साथ मिलकर संघर्ष का एलान करना पड़ा था, वहीं अनुसूचित जाति आयोग की शरण में भी जाना पड़ा था। संगठनों और आयोग के दबाव के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया।
छापामारी शुरू होने के दौरान आरोपी जोजो पुलिस के सामने जाने के बजाए शुक्रवार शाम को सीधे अदालत में पेश हो गया था। वहां पर उसने दूसरे आरोपी की पहचान गांव तप्पाखेड़ा निवासी संदीप के रूप में कराई थी। उसकी तलाश में पुलिस ने छापामारी शुरू कर दी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी संदीप बस स्टैंड पर नजर आया है। इस पर पुलिस ने छापा मार कर उसे गिरफ्तार कर लिया।