एनआरआई के फर्जी हस्ताक्षर कर बोपाराय कलां के एक लैंड एडवाइजर ने फिरोजपुर के एक कारोबारी को एक करोड़ 20 लाख रुपये का चूना लगा दिया। जालंधर की देहात पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के खिलाफ जालसाजी का मामला दर्ज कर लिया है।
एसएसपी को विजय कुमार नारंग निवासी धवन कालोनी फिरोजपुर ने शिकायत दी थी कि उनकी मुलाकात जीवन लाल निवासी बोपाराय कलां से हुई थी जो खुद को लैंड एडवाइजर बताता था। 2014 में उसको एनआरआई मोहिंदर सिंह की धालीवाल स्थित 26 एकड़ जमीन दिखाई गई थी।
26 लाख प्रति एकड़ के हिसाब से सौदा तय किया गया था। इसके लिए एक करोड़ 20 लाख रुपये बयाने के तौर पर दिए गए थे। जीवन लाल ने खुद ही एनआरआई मोहिंदर सिंह के हस्ताक्षर कर लिखित एग्रीमेंट उनको दे दिया लेकिन बाद में पता चला कि यह जमीन तो 2013 में ही बिक चुकी थी।
बाद में जीवन लाल ने लिखित तौर पर दिया था कि वह पैसा वापस कर देगा लेकिन पैसा नहीं लौटाया गया। नकोदर पुलिस ने जांच के बाद केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।