घर के बाहर खेलते हुए तीन बच्चियां लापता हो गईं। जिला पुलिस ने 24 घंटे के
भीतर तीनों बच्चियों को ढूंढ निकाला है। एसपी-आई जगजीत सिंह सरोआ ने बताया
कि विजय निवासी उच्चा धोड़ा की दो बेटियां पांच साल की जयश्री, दो वर्ष की
नंदिनी और उसके साले की बेटी आठ साल की नेहा सोमवार को सरकारी एलीमेंटरी
स्कूल से डेढ़ बजे घर आ रही थी।
इस दौरान तीनों रास्ते में ही खेलने लगी।
शाम चार बजे तक जब बच्चियां घर नहीं पहुंची तो मां ने उनकी तलाश शुरू की।
एसपी ने बताया कि रात नौ बजे परिजनों ने बच्चियों के गुम होने के बारे में
बताया। इस पर तत्काल पुलिस ने 15 टीमें बनाकर बच्चियों की तलाश शुरू की।
थाना सिटी के एसएचओ अश्विनी कुमार के नेतृत्व वाली टीम ने कपूरथला-जालंधर
रोड स्थित गांव खोजेवाल के पास बच्चियों को जाते देखा और साथ लेकर आ गए।
बच्चियों को माता-पिता के हवाले कर दिया गया है। इस मौके पर डीएसपी ट्रेनी
सुरभि मरवाहा, डीएसपी सब-डिवीजन महिंदर सिंह, एसएचओ सिटी अश्विनी कुमार और
ट्रैफिक इंचार्ज जंग बहादुर शर्मा मौजूद थे।