जालंधर के नीला महल में देर रात पड़ोसियों के बीच लड़ाई झगड़े के दौरान एक युवक की मौत हो गई। लड़ाई के दौरान करण कुमार उर्फ मनु निवासी नीला महल घर की छत पर था। नीचे से पड़ोसी गाली गलौज करते हुए ईंटें पत्थर मार रहे थे। इससे बचते समय छत की सुरक्षा दीवार टूटने से वह नीचे गिर गया।
परिजन उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पता चला है कि छत से गिरने के बाद भी पड़ोसी गगनदीप उर्फ गग्गू ने करण के सिर पर ईंटें मारी। इसी से हेड इंजरी होने के कारण उसकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर गगनदीप उर्फ गग्गू को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें: Batala: ब्यास दरिया का बढ़ा जलस्तर देखने गए थे दो चचेरे भाई, पैर फिसलने से ड्रेन में बहे, दोनों के शव बरामद
पुलिस को दिए बयानों में भाई तरुण ने बताया कि करण की उनके पड़ोस में रहने वाले गगनदीप उर्फ गग्गू के साथ किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। बात तू-तू मैं-मैं से शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसके बाद पड़ोसियों ने उनके घर पर ईंट पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। इससे बचाव के लिए वह दोनों भाई छत पर गए लेकिन वहां पर भी पड़ोसियों ने पीछा नहीं छोड़ा। बचने के दौरान छत की दीवार टूटने से हादसा हो गया और उनके भाई की जान चली गई। एसीपी सेंट्रल निर्मल सिंह ने बताया कि थाना डिवीजन नंबर 2 को सूचना मिली थी। जिसके बाद मौके पर टीम पहुंची। मामले की जांच की जा रही है। घटना के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।