गांव पंजेके हिठाड़ स्थित एचडीएफसी बैंक की शाखा से बुढ़ापा पेंशन बांटने के लिए तीन लाख छह हजार रुपये निकालकर ला रहे एक किसान को लुटेरों ने गोली मारकर जख्मी कर दिया और रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। जख्मी को फरीदकोट मेडिकल कालेज में दाखिल करवाया गया है। यह घटना गांव शेर सिंह वाला के पास घटी। शुक्रवार को पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
अस्पताल में दाखिल काका सिंह पुत्र टहल सिंह वासी गांव दुल्लेके नत्थू वाला ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसकी पत्नी गांव की सरपंच है। बुढ़ापा पेंशन बांटने के लिए वीरवार को वह बैंक से तीन लाख छह हजार रुपये निकाल कर जा रहा था कि गांव शेर सिंह वाला के पास एक बाइक पर दो लुटेरे आए और उससे पैसों से भरा बैग छीनने लगे। जब उसने विरोध किया तो एक लुटेरे ने उसकी टांग पर गोली मार कर उसे घायल कर दिया।
इसके बाद लुटेरे उससे रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। जख्मी हालत में काका को फरीदकोट के मेडिकल कालेज में दाखिल करवाया। उधर, पुलिस चौकी अमीर खास ने पीड़ित के बयान पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।