जालंधर देहात पुलिस ने देर रात हिंदू संगठनों की शिकायत पर थाना आदमपुर के गांव घोगड़ी स्थति एक बंद फैक्टरी में रविवार रात को छापा मार कर 40 क्विंटल से अधिक पशु मांस पकड़ा। वहां मांस की पैकिंग की जा रही थी। पुलिस ने मौके से 12 रोहिंग्या समेत 13 मजदूरों को गिरफ्तार कर सात दिन के रिमांड पर लिया है। उनसे पूछताछ के आधार पर मुख्यारोपी मेरठ निवासी व्यापारी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापा मारा जा रहा है।
डीएसपी डिटेक्टिव सुरिंदर पाल ने बताया कि हिंदू संगठनों ने सूचना दी थी कि गांव घोगड़ी स्थति एक बंद फैक्टरी में अवैध रूप से पशुओं को काटकर उनका मांस बाहर भेजा जा रहा है। इस शिकायत के आधार पर रविवार रात को उनके और डीएसपी आदमपुर विजय के नेतृत्व में पुलिस की 20 लोगों की टीम ने हिंदू संगठनों के नेताओं को साथ लेकर फैक्टरी पर छापा मारा। काफी देर बाद फैक्टरी का गेट खुला तो वहां पर बड़ी मात्रा में पशुओं का मांस पैक किया जा रहा था। मौके से 13 लोगों को पकड़ लिया गया। इनमें से 12 रोहिंग्या थे जिन्हें पश्चिम बंगाल से बुलाया गया था लेकिन वे अपना बंगाल से संबंधित कोई कागजात नहीं दिखा सके।
पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्हें 14 हजार रुपये मासिक वेतन मिलता है। पैकिंग कर मांस को दिल्ली भेजा जाता था। उन्हें नौकरी देते समय चिकन पैकिंग करने की बात बताई गई थी। सभी को कोर्ट में पेश कर सात दिन का रिमांड लिया गया है।
सुरिंदर पाल ने बताया कि फैक्टरी मालिक वैभव दीवान ने बताया कि इमरान कुरैशी पुत्र हाजी बब्लू कुरैशी, प्रवेश कुरैशी और आजम कुरैशी निवासी मस्जिद सेक्टर-2 शास्त्री नगर मेरठ (यूपी) ने उसकी बंद फैक्टरी को पौने दो लाख रुपये किराये पर यह कह कर लिया था कि वहां मटन और चिकन का कोल्ड स्टोरेज बनाएंगे। इसके बाद पुलिस ने आदमपुर थाने में तीनों के खिलाफ आदमपुर थाने में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापे मारने शुरू कर दिए हैं।
गो सेवा कमीशन के पूर्व चेयरमैन कीमती भगत, पटियाला से विकास कंबोज, भार्गव कैंप जालंधर के रोहित जोशी और शिवसेना नेता ईशांत शर्मा ने आरोप लगाया कि जालंधर की सड़कों पर घूम रहे पशुओं को पकड़कर यहां काटकर मांस बाहर भेजा जा रहा था।