भंगड़ा कलाकार का शव मंगलवार सुबह अलावलपुर रेलवे ट्रैक पर मिला। मृतक की पहचान राहुल शर्मा (27) निवासी हरगोबिंद नगर धोगड़ी के रूप में हुई। युवक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
जीआरपी पुलिस इस मामले को लेकर जांच में लगी हुई है। नीलम ने कहा कि उनका बेटा राहुल भंगड़ा का कलाकार था और शादी समारोह में काम करता था। सोमवार शाम साढ़े चार बजे वह घर से गया और रात 12 बजे उसकी मोटरसाइकिल उसका एक दोस्त देकर गया था। राहुल के दोस्त ने कहा था कि कुछ युवक उसे गाड़ी में बैठाकर ले गए।
नीलम ने कहा कि मंगलवार को पुलिस ने सूचना दी कि उनके बेटे का शव अलावलपुर के पास रेलवे ट्रैक पर मिला है। नीलम का आरोप है उनके बेटे की हत्या करके शव को ट्रैक पर फेंका गया है। मृतक युवक के परिजनों ने चार लोगों पर शक जाहिर किया है। जीआरपी के थाना प्रभारी धर्मेंद्र कल्याण ने कहा कि पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है।