महानगर जालंधर के बस्ती बावा खेल इलाके में दिनदहाड़े सैनेटरी कारोबारी और प्रॉपर्टी डीलर के बीच जमकर मारपीट हुई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। घटना दोपहर में हुई। दोनों कारोबारियों के बीच लड़ाई का किसी ने वीडियो बना लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में दोनों पक्षों को एक-दूसरे पर लात-घूसे बरसाते हुए देखा जा सकता है। यह झगड़ा करीब पांच मिनट तक चलता रहा, जिसके बाद आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
सैनेटरी कारोबारी विशाल गुप्ता ने बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठा था, तभी प्रॉपर्टी डीलर वहां पहुंचा और अचानक हमला कर दिया। गुप्ता का कहना है कि दोनों के बीच करवाचौथ वाले दिन से ही कहासुनी चल रही थी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।