अमृतसर-बठिंडा हाईवे पर हरिके पतन में शनिवार देर रात लुटेरों ने पिस्तौल के दम पर फिरोजपुर डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर रजनीश श्रीवास्तव से कार व मोबाइल आदि लूट लिए और घटनास्थल से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी।
श्रीवास्तव ने बताया कि वे आफिस का कार्य निपटाकर अमृतसर से वापस फिरोजपुर लौट रहे थे। देर रात जब से हरिके पतन में सतलुज पैलेस के निकट पहुंचे तो एक इंडिका कार पर आए तीन नकाबपोश लुटेरों ने उनकी होंडा सिटी कार के आगे अपनी गाड़ी लगा दी और पिस्तौल के दम पर उसे व उसके ड्राइवर को खींच कर कार से नीचे उतार दिया।
विरोध करने पर लुटेरों ने उनके साथ मारपीट की और कनपटी पर पिस्तौल लगाते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वे उनके मोबाइल और कार छीनकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया।