अमृतसर बाईपास पर वेरका मिल्क प्लांट के पास रविवार रात को सड़क क्रास कर रहे एक व्यक्ति को कोई अज्ञात वाहन करीब 150 मीटर तक घसीटता ले गया।
इसके चलते अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। व्यक्ति का शव पूरी रात भर हाईवे पर पड़ा रहा और उसके ऊपर से तेज रफ्तार वाहन गुजरते रहे। इस वजह से शव छोटे-छोटे टुकड़ों में बंट कर पूरी सड़क पर बिखर गया। किसी भी वाहन चालक ने रुक कर देखने की कोशिश नहीं की। सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे किसी ने इस घटना के बारे में थाना एक की पुलिस को सूचित किया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के टुकड़ों को इकट्ठा करवाकर बोरी में डलवाया और सिविल अस्पताल भेजवा दिया। मृतक का सिर और शरीर के कई अंग नहीं मिले हैं। थाना एक के प्रभारी इंस्पेक्टर बलबीर सिंह ने कहा कि व्यक्ति की पहचान करनी काफी मुश्किल हो रही है। पुलिस के अनुसार प्रतीत हो रहा है कि मरने वाला कोई मजदूर था। लोगों का कहना है कि यहां एक ऐसा व्यक्ति घूमता रहता था, जो दिमागी तौर पर ठीक नहीं था। सोमवार सुबह से वह भी नहीं दिखाई नहीं दिया है।