जिले में विभिन्न सड़क हादसों में चार लोगों की मौत और दो युवक गंभीर घायल हो गए। उनको इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जालंधर से बाइक पर करतारपुर जा रहे दो दोस्त मंगलवार रात को गांव कोटला के पास हादसे का शिकार हो गए।
उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।। मृतक युवाओं की पहचान कोटला के रहने वाले विजय कुमार और न्यू आबादी कोटला के राकेश कुमार के रूप में हुई है। विजय कुमार बिजली मकैनिक और राकेश कुमार ड्राइवर था।
मकसूदां थाने के एएसआई जगतार सिंह ने कहा कि जांच में पता चला है कि जिस समय हादसा हुआ तब काफी तेज बारिश पड़ रही थी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज कर लिया है। दोनों युवाओं के शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए है।
इसके अलावा किशनपुरा के रहने वाले दो युवक सूरज और सन्नी किसी काम से मोटरसाइकिल पर आदमपुर जा रहे थे। इस दौरान आदमपुर के पास किसी अज्ञात वाहन की उनकी मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई। हादसे में सूरज की मौत हो गई और सन्नी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। थाना आदमपुर की पुलिस मामले को जांच में लगी हुई है।
एक अन्य सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हरजिंदर निवासी गन्ना पिंड फिल्लौर काम से घर लौट रहा था। इस दौरान उसकी मोटरसाइकिल की वरना कार से टक्कर हो गई। हरजिंदर को गंभीर हालत में जालंधर सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मामले की जांच थाना फिल्लौर पुलिस कर रही है।
इसके अलावा फोवल प्वाइंट का रहने वाला रवि बहादुर मंगलवार रात के समय घर लौट रहा था। उसे किसी अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने 108 एंबुलेंस की मदद से उसे सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। उसकी हालत अभी गंभीर बनी हुई है।