मलोट रोड पर स्थित गांव महराज वाला के पास शुक्रवार सुबह कार और ट्रक की टक्कर में दो लोग गंभीर घायल हो गए। वहीं दो महिलाओं को मामूली चोटें आईं। उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। गांव सबजके (जलालाबाद) के सोना सिंह (42), उसकी पत्नी परमजीत कौर, सरवन कुमार (35) और उसकी पत्नी पूजा रानी स्विफ्ट कार से डबवाली जा रहे थे। सुबह करीब आठ बजे गांव महराजवाला के पास उनकी कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में सोना सिंह और सरवन कुमार गंभीर घायल हो गए।
वहीं दोनों महिलाओं को मामूली चोटें लगीं। घायलों को रूपाणा जन सहारा क्लब के सदस्य बब्बू के नेतृत्व में टीम ने मलोट रोड स्थित मिशन अस्पताल में दाखिल करवाया। इस दौरान एक ट्रैक्टर-ट्राली भी इन वाहनों से जा टकराया। चौकी महराजवाला की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।