फिरोजपुर। नमक मंडी में बुधवार बाइक सवार दो लुटेरे पिस्तौल के बल पर एक आढ़ती से ढाई लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। आढ़ती बैंक ऑफ इंडिया से पांच लाख रुपये लेकर आ रहा था, नमक मंडी में अपने दोस्त के घर के सामने एक्टिवा खड़ी कर पैसे का बैग निकाल रहा था, तभी लुटेरों ने हमला बोल दिया। थाना सिटी पुलिस ने पीड़ित आढ़ती के बयान पर दो अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
आढ़ती गौतम शर्मा वासी कूचा बरकत (नजदीक तूड़ी बाजार) ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह आढ़त का कारोबार करता है। बैंक ऑफ इंडिया में उसके पार्टनर गुरप्रीत बराड़ वासी भगत सिंह कालोनी ने पांच लाख रुपये शर्मा को दिए थे। वह धनराशि एक्टिवा की डिग्गी में रखकर लौट रहा थानमक मंडी में अपने दोस्त सतीश कुमार के घर के आगे पहुंचा और एक्टिवा की डिग्गी से पैसों का बैग निकालने लगा।उसी समय बाइक पर सवार दो लुटेरे वहां पहुंच गए। लुटेरों ने पिस्तौल के बल पर उसका बैग छीनने का प्रयास किया। इस पर उसकी लुटेरों से पैसों के बैग को लेकर हाथापाई शुरू हो गई।
इसी बीच प्लास्टिक का बैग फट गया और ढाई लाख रुपये सड़क पर गिर गए। बाकी के ढाई लाख रुपये लेकर लुटेरे फरार हो गए। लूटपाट करने वालों में से एक केशधारी और दूसरा मोना बताया है। लुटेरों और शर्मा के बीच हुई हाथापाई की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में लुटेरों के चेहरे साफ देखे जा सकते हैं। सूचना मिलते ही थाना सिटी के प्रभारी चंद्र शेखर घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने कहा कि फुटेज में लुटेरों के चेहरे आ गए हैं, पुलिस उक्त लुटेरों का सुराग लगाने में जुटी है। मामले की तफ्तीश कर रहे सब इंस्पेक्टर बलबीर सिंह का कहना है जल्द ही सुराग लगाकर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।