घर से 15 मिनट में सोना, नगदी चोरी
दौलतपुर की घटना, दुकान पर बेटे को नाश्ता देने गई थी मां
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। दौलतपुर में रविवार की सुबह बेटे को दुकान पर नाश्ता देने गई महिला के घर से चोर 15 मिनट में लाखों का सोना और 15 हजार कैश लेकर फरारा हो गया। चोर के आना और जाना मकान के बाहर लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया। परिवार के मालिक ने थाना डिवीजन नंबर 2 में चोरी की शिकायत दी है।
मकान मालिक सरकारी टीचर शंभू नाथ ने बताया कि वह और उनकी पत्नी दोनों किसी काम से बाहर गए थे। उनकी माता रमेश रानी घर पर थी। बड़ा भाई निर्मलजीत घर से 100 मीटर की दूरी पर करियाना की दुकान करता है। सुबह 11.40 पर मां रमेश रानी बड़े बेटे को दुकान पर नाश्ता देने गई। नाश्ता करने के 10 मिनट बाद मां को दुकान पर बैठा निर्मलजीत घर पर दुकान की सफाई के लिए बाल्टी लेने घर आया। उसने देखा कि मेन गेट पहले की तरह बंद था और अंदर के कमरे खुले थे। निर्मल ने मां को दुकान पर जाकर बताया कि वह कमरे खुले छोड़ आई है, जिस पर मां ने वापस जाकर देखा तो कमरे में लगी अलमारी का लॉक टूटा था। ौर नकदी और जेवर गायब थे। रमेश रानी ने बताया कि 4 महीने पहले 5 तोले सोने के कड़े बनाए थे और सोने के 2 सेट बनवाए थे। इसके अलावा 15 हजार रुपये भी चोरी हो गए।
सीसीटीवी में कैद चोर, पार्षद के बेटे से ली लिफ्ट
वारदात से पहले चोर ने गली में चक्कर लगाया। 15 मिनट में चोरी के बाद वापस गली में आकर वहां से गुजर रहे पार्षद के बेटे से बाइक पर लिफ्ट ली और शहर की ओर भाग गया। पार्षद के बेटे से पूछताछ में पता चला कि वह डाकखाना चौक तक उसे ले गया, उसके बाद वह उतर गया। वहीं सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुआ कि चोर वारदात से पहले 5 मिनट तक गली में खड़े होकर फोन पर बातचीत करता रहा। इस पर पुलिस ने आसपास के सभी मोबाइल टावरों का उस समय के 15 मिनट का डंप रिकवर किया है कि इन 15 मिनट में किसने कहां फोन पर बात की। एएसआई पवन का कहना है कि शिकायत मिली है, जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।