फुटेज से लुटेरों तक पहुंची पुलिस, डेढ़ लाख रुपये बरामद
पुलिस ने आढ़ती के मुनीम से हुई लूट की वारदात को किया ट्रेस
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। शहर में पांच दिन पहले सोमवार को नई सब्जी मंडी मकसूदां के पास आढ़ती के मुनीम से हुई लूट की वारदात को कमिश्नरेट पुलिस ने ट्रेस कर लिया। पुलिस ने वारदात में संलिप्त 3 लुटेरों को हिरासत में लिया है, जिसने लूट के करीब डेढ़ लाख रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस आरोपियों के कुछ साथियों की तलाश में कपूरथला के इलाकों में छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने वारदातस्थल से मिली सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की और लूट को अंजाम देने वाले तीन लोगों को पकड़ लिया। सीसीटीवी फुटेज के जरिये पुलिस तीन दिन में लुटेरों तक पहुंचने में कामयाब हो गई। उल्लेखनीय है कि पांच दिन पहले सोमवार को नई सब्जी मंडी मकसूदां में स्थित ओम फ्रूट कंपनी का मुनीम बिल्ला अपने दोपहिया वाहन पर रुपयों की कलेक्शन करके वापस दुकान की तरफ लौट रहा था कि बाइक सवार तीन लुटेरों ने उसे घेर लिया। चलते स्कूटर से मुनीम बिल्ला के हाथ से रुपये से भरी थैली छीनने की कोशिश की। लेकिन मुनीम बिल्ला ने थैली को कसकर पकड़ रखा था, जिस कारण वह जमीन पर गिर गया। गिरने के बाद लुटेरों ने उससे थैली छीन ली और फरार हो गए थे। रुपये से भरी थैली में करीब 2.15 लाख रुपये थे। जानकारी के अनुसार वारदात में 3 लुटेरों को हिरासत में लिया गया है। जिनके पास से करीब डेढ़ लाख रुपये बरामद हुए हैं। सूत्रों का कहना है कि वारदात का मास्टरमाइंड सब्जी मंडी में ही एक आढ़ती के पास काम करने वाला युवक हैं। उसी ने वारदात की साजिश रची और ज्वाला नगर के एक युवक और कपूरथला के दो अन्य के साथ मिलकर वारदात की। फिलहाल पुलिस ने मामले में कुछ नहीं बताया है। सूत्रों के अनुसार आरोपियों से शहर में हुई अन्य वारदात संबंधी पूछताछ की जा रही है।