किसान के हाथ-पैर बांध पीटा, जख्मी
पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ किया मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर।
गांव शकूर में पुरानी रंजिश में एक किसान को खेतों से खींचकर आरोपी अपने घर ले गए, वहां पर उसके हाथ-पैर रस्सी से बांधकर बुरी तरह पीटा और उसकी वीडियो तैयार की। जख्मी किसान को एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। थाना घल्लखुर्द पुलिस ने बुधवार को पीड़ित किसान के बयान पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गांव शकूर वासी हरप्रीत सिंह ने बताया कि वह घर के सामने खेतों मेंलगी पानी की मोटर को चलाने के लिए गए थे। वहां पर आरोपी सोहन सिंह ने उसे थप्पड़ मार दिया और उसे खींच कर अपने घर ले गया। आरोपियों ने हरप्रीत के हाथ-पांव रस्सी से बांधकर उसे बुरी तरह पीटा और मोबाइल से वीडियो भी बनाई। किसी तरह हरप्रीत आरोपियों के चंगुल से छूटकर घर पहुंचा और आपबीती परिजनों को सुनाई। परिजनों ने जख्मी हालत में हरप्रीत को एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया है। आरोपियों की हरप्रीत से रंजिश थी कि कुछ दिन पहले किसी बात पर दोनों पक्षों में गाली-गलौच हुआ था। इसलिए आरोपियों ने हरप्रीत से मारपीट की। थाना घल्लखुर्द पुलिस ने हरप्रीत के बयान पर सोहन सिंह, गगनदीप सिंह व बलराज सिंह वासी गांव शकूर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापामारी कर रही है। इस मामले की जांच एएसआई बलजिंदर सिंह कर रहे हैं।