अदालत में पेश कर लिया दो दिन का रिमांड
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदकोट।
विजिलेंस ब्यूरो पंजाब ने फरीदकोट के एसपी (आई) सेवा सिंह मल्ली को पूछताछ के लिए तलब करने की तैयारी कर ली है। शुक्रवार को ब्यूरो की एक टीम ने एसपी (आई) सेवा सिंह मल्ली के दफ्तर में उनके रीडर एएसआई गुरबिंदर जीत सिंह को 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। विजिलेंस ब्यूरो ने आरोपी रीडर को शनिवार को मोहाली की अदालत में पेश किया। वहां से अदालत ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
विजिलेंस ब्यूरो के पास कोटकपूरा के आनंद नगर निवासी प्रदीप कुमार सचदेवा ने शिकायत की थी। सचदेवा के अनुसार 14 नवंबर को थाना सिटी कोटकपूरा पुलिस ने उसके व उसके परिवार के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। इसकी जांच एसपी सेवा सिंह मल्ली कर रहे थे। इस केस में क्लीन चिट देने के नाम पर एसपी ने उससे सवा लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। पहली किश्त के रूप में शुक्रवार को 50 हजार रुपये का भुगतान किया जाना था। यह रकम वसूलते हुए विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार को एसपी के रीडर को काबू कर लिया था। उसके खिलाफ विजिलेंस थाना मोहाली में केस दर्ज किया गया। यह रिश्वत रीडर ने एसपी के नाम पर वसूली थी ऐसे में विजिलेंस ने एसपी सेवा सिंह मल्ली से पूछताछ करने की तैयारी कर ली है। उन्हें सम्मन जारी किया जा रहा है। सूत्रों का दावा है कि यदि जांच में एसपी की शमूलियत भी सामने आई तो उन्हें भी केस में नामजद किया जाएगा। विजिलेंस ब्यूरो के एआईजी आशीष कपूर के अनुसार पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की जा रही है। केस में संबंधित सभी पक्षों से पूछताछ की जाएगी।
--------