जलालाबाद (फिरोजपुर)। गांव ढंढी खुर्द में तीन दोस्तों ने दसवीं कक्षा के छात्र स्वरूप सिंह (18) की गला दबाकर हत्या कर दी। लाश मृतक के चाचा रंजीत सिंह के भैंसों वाले कमरे में छिपा दी। आरोपी शनिवार रात छात्र को पार्टी के बहाने घर से लेकर गए थे। सूचना मिलते ही डीएसपी जसपाल सिंह धामी और थाना सदर के एसएचओ भोला सिंह पुलिस पार्टी समेत घटनास्थल पर पहुंच गए और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना सदर पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर आरोपी तीनों दोस्तों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपी फरार है। पुलिस ने आशंका जाहिर की है कि इस हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की कहानी निकलेगी।
मृतक के पिता सतनाम सिंह ने बताया कि शनिवार रात करीब नौ बजे गांव के रहने वाले सर्बजीत सिंह पुत्र बलविंदर सिंह, रेशम सिंह पुत्र प्यारा सिंह व मंगत सिंह पुत्र जंगीर सिंह उसके बेटे स्वरूप सिंह को पार्टी के बहाने घर से बुलाकर ले गए थे। देर रात तक उनका बेटा घर नहीं लौटा। बेटे के घर नहीं लौटने पर उसकी गांव में तलाश शुरू कर दी। रिश्तेदारों में भी पूछताछ की गई। कहीं उसका सुराग नहीं लगा। उसके बेटे की लाश भैंसों वाले कमरे में मिली। सतनाम ने आरोप लगाया कि उसके बेटे स्वरूप की हत्या उक्त तीनों दोस्तों ने की है जो उसके बेटे को घर से बुलाकर ले गए थे।
उधर, सूचना मिलते ही डीएसपी जसपाल सिंह व थाना सदर प्रभारी भोला सिंह घटनास्थल पर पहुंच गए। एसएचओ भोला सिंह ने बताया कि पारिवारिक सदस्यों के बयान के आधार पर अगली कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम के लिए शव फाजिल्का के सिविल अस्पताल भेज दिया है। एसएचओ ने बताया कि सतनाम सिंह के बयान पर आरोपी सरबजीत सिंह, रेशम सिंह व मंगत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की कार्रवाई की जा रही है। हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की कहानी निकलेगी।