हेरोइन समेत तीन तस्कर गिरफ्तार
फिरोजपुर। सीआईए स्टाफ ने गांव वलूर के पास नाकाबंदी के दौरान हेरोइन के साथ तीन तस्करों को काबू किया है। आरोपी हेरोइन बेचने के लिए जा रहे थे। थाना कुलगढ़ी पुलिस ने बुधवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक सीआईए स्टाफ के सब-इंस्पेक्टर जोगिंदर सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग हेरोइन सप्लाई का धंधा करते हैं। गांव वलूर में नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। उसी दौरान पुलिस ने आरोपी सुभाष उर्फ टोनी, बलदेव सिंह व रेशम सिंह वासी शेरखां को काबू कर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान तीनों के पास से 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 50 लाख रुपये आंकी गई है। थाना कुलगढ़ी पुलिस ने उक्त तीनों तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस उक्त तीनों तस्करों से गहन पूछताछ में जुटी है कि वह हेरोइन किन तस्करों खरीद कर लाते हैं।