रुपयों को लेकर बहन ने लाठी मार की भाई की हत्या, केस
लंबी/मलोट (मुक्तसर)। थाना कबरवाला के गांव सरावां बोदला ढाणी में ठेके की जमीन के रुपयों को लेकर बहन ने लाठी मारकर भाई की हत्या कर दी। थाना कबरवाला पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को सरकारी अस्पताल मलोट भेज दिया है। वहीं मृतक की बहन के खिलाफ केस दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी। थाना कबरवाला प्रभारी कुलदीप शर्मा ने बताया कि गांव सरावां बोदला की ढाणी में अविवाहित रणबीर सिंह अकेला ही रहता था। इस बीच उसकी बड़ी बहन अपारदीप कौर का विवाह गांव ईना खेड़ा निवासी बगीचा सिंह के साथ हुआ है। रणबीर सिंह ढाणी स्थित अपनी करीब चार एकड़ जमीन अपने चाचा को ठेके पर देता था। जमीन के ठेके के रुपयों को लेकर रणबीर सिंह की अपनी बहन अपारदीप से तकरार रहती थी। मंगलवार सुबह दोनों में फिर से ठेके की जमीन के रुपयों को लेकर आपस में तकरार हो गई। यह इतनी बढ़ गई कि इस दौरान रणबीर ने अपारदीप पर हाथ उठाया तो गुस्साई अपारदीप ने घर में ही पड़ी लाठी उठाकर अपने भाई रणबीर सिंह के सिर पर वार कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।