बीएसएफ को सरहद से मिले हेरोइन के आठ पैकेट
पाकिस्तान तस्करों ने खेत में दबाकर रखी थी, किसान की सूचना पर बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने फेंसिंग पार खेत में दबी हेरोइन के आठ पैकेट बरामद किए हैं। हेरोइन की खेप पाकिस्तानी तस्करों ने खेत में दबाकर रखी थी। जिस किसान के खेत से हेरोइन मिली है, उसी ने बीएसएफ को सूचना दी थी। यह घटना फिरोजपुर सेक्टर स्थित बीएसएफ की बीओपी जगदीश के पास शनिवार दोपहर बाद घटी।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक बीएसएफ की पोस्ट जगदीश के पास लगी फेंसिंग पार खेत में किसान काम कर रहे थे। एक किसान ने खेत में कुछ खुदी हुई मिट्टी देखी तो उसे शक हुआ। यहां पर कोई वस्तु छिपाकर रखी हुई है। उसने तुरंत बीएसएफ की 129 बटालियन के जवानों को सूचित किया। जवानों ने मिट्टी खोदकर देखा तो उसके नीचे से हेरोइन के आठ पैकेट मिले, जिनका वजन चार किलो 680 ग्राम था। बीएसएफ जवानों ने इस संबंध में अपने अधिकारियों को सूचित किया। बीएसएफ ने हेरोइन के पैकेट मिलने के बाद खेत में सर्च अभियान चलाया। अधिकारियों के मुताबिक उक्त हेरोइन पाकिस्तान से आई है और इसे भारतीय तस्करों द्वारा भारत में लाना था, जिसे बीएसएफ ने बरामद कर ली।